1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में रेडक्रॉस की वार्षिक बैठक, सेवा कार्यों को विस्तार देने पर जोर

लखनऊ: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में रेडक्रॉस की वार्षिक बैठक, सेवा कार्यों को विस्तार देने पर जोर

लखनऊ के जन भवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की वार्षिक सामान्य बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, योग, टीबी उन्मूलन और HPV टीकाकरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। राज्यपाल ने सेवा गतिविधियों को जनभागीदारी से मजबूत करने और अधिक लोगों को सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
लखनऊ: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में रेडक्रॉस की वार्षिक बैठक, सेवा कार्यों को विस्तार देने पर जोर

लखनऊ के जन भवन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा की अध्यक्ष आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में वार्षिक सामान्य बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित सामाजिक और मानवीय गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी वर्ष की योजनाओं और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। राज्यपाल ने रेडक्रॉस की गतिविधियों को अधिक प्रभावी और जनकेंद्रित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाने के कार्यों को और मजबूत करने की बात कही।

हर जिले में स्वच्छता और पौधरोपण अभियान की अपील

राज्यपाल ने सभी जिलों में अधिक से अधिक पौधरोपण अभियान चलाने के लिए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जनभागीदारी से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों की सफाई को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न मानकर समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बनाने की आवश्यकता बताई। बच्चों और युवाओं को भी सेवा एवं स्वच्छता अभियानों से जोड़ने की अपील की।

आंगनबाड़ी और स्कूलों में योग को बढ़ावा देने पर जोर

राज्यपाल ने योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने रेडक्रॉस के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपने आसपास के आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को योग सिखाने की पहल करने को कहा। उन्होंने जन भवन के आदर्श माध्यमिक विद्यालय में बच्चों को योग से जोड़ने की पहल का उदाहरण देते हुए इसी तरह की गतिविधियों को अन्य विद्यालयों तक पहुंचाने की बात कही।

जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान

राज्यपाल ने वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने ऐसे परिवारों की पहचान कर बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने के साथ उनकी नियमित उपस्थिति की भी निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल दाखिला कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों की शिक्षा लगातार जारी रहे, यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

HPV टीकाकरण अभियान में भागीदारी का आह्वान

राज्यपाल ने बालिकाओं के स्वास्थ्य से जुड़े HPV टीकाकरण अभियान में रेडक्रॉस की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने सदस्यों से पात्र बालिकाओं तक पहुंच बनाकर उन्हें टीकाकरण अभियान से जोड़ने में सहयोग करने को कहा।

टीबी उन्मूलन के लिए सहयोग बढ़ाने पर जोर

बैठक में टीबी उन्मूलन अभियान का भी उल्लेख किया गया। राज्यपाल ने बताया कि टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके उपचार, पोषण और देखभाल में सहयोग देने की पहल को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने विश्वविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए टीबी मरीजों की मदद के लिए अधिक लोगों को जोड़ने की अपील की।

‘ग्रीन आर्मी’ की महिलाओं के कार्यों की सराहना

राज्यपाल ने मिर्जापुर और काशी क्षेत्र में लगभग 2,000 महिलाओं द्वारा ‘ग्रीन आर्मी’ के रूप में किए जा रहे सामाजिक कार्यों का उल्लेख किया। ये महिलाएं तालाबों की सफाई, नशामुक्ति जागरूकता, बच्चों की शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में योगदान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि पुराने कपड़ों को एकत्र कर इन महिलाओं द्वारा कपड़े के थैले तैयार किए जा रहे हैं, जिससे प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के लिए सिलाई और अन्य कार्यों से संबंधित संसाधन उपलब्ध कराने की पहल भी की गई है।

महिलाओं को रेडक्रॉस की गतिविधियों से जोड़ने की अपील

राज्यपाल ने रेडक्रॉस सदस्यों से इन महिलाओं के कार्यों को समझने और उनके साथ मिलकर सेवा एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने संस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

सेवा कार्यों के लिए लक्ष्य तय करने की सलाह

राज्यपाल ने कहा कि सामाजिक सेवा को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक कार्य के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए जाने चाहिए। उन्होंने रेडक्रॉस सदस्यों से आपसी समन्वय बनाए रखने, अनुभव साझा करने और अधिक से अधिक लोगों को सेवा गतिविधियों से जोड़ने की अपील की। बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों को सम्मानित भी किया गया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...