भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय (लखनऊ) में पार्टी की महत्वपूर्ण कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी जगदीश पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, तथा दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर 17 अक्टूबर तक पूरे उत्तर प्रदेश में चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जानकारी दी कि बैठक में आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। इसके साथ ही, नजदीक आ रहे विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भी गहन मंथन हुआ। राज्य में दोबारा प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनाने के लिए जनता से जुड़े मुद्दों और रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद नई प्रदेश कार्यसमिति के गठन को लेकर भी शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री के साथ महत्वपूर्ण चर्चा हुई, जिसके जल्द ही घोषित होने की संभावना है।

बैठक समाप्त होने के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देना है। सरकार की जनहितकारी योजनाओं और डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा सरकार बनाने के दावों पर पलटवार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव केवल बयानबाजी कर रहे हैं और सत्ता में वापसी के उनके सपने ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ जैसे हैं, क्योंकि जनता एक बार फिर भारी बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनाने जा रही है।