बलिया पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े चंदा मामले में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम उनके लिए आस्था, मर्यादा और सम्मान का प्रतीक हैं।
बलिया के पीडब्ल्यूडी डाक बंगले पहुंचे मंत्री जेपीएस राठौर का गार्डों ने सलामी देकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश की राजनीति और विपक्ष के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जेपीएस राठौर ने कहा कि रामजी उनके लिए सर्वोच्च आस्था का विषय हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े चंदा मामले में जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को गलत काम करने पर बचाया नहीं जाएगा और पूरे मामले में एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा।
जेपीएस राठौर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके बयानों का कोई विशेष महत्व नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख लगातार भ्रम की स्थिति पैदा करने वाले बयान दे रहे हैं और सत्ता में वापसी के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से कोई राजनीतिक महत्व साबित नहीं होता, बल्कि जनता के लिए किए गए काम ही किसी नेता की पहचान बनाते हैं।

मथुरा में कार सेवा से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो कार सेवा होनी चाहिए और जो लोग इसका समर्थन करते हैं, उन्हें आगे आना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव को भी इस मुद्दे पर अपनी भूमिका स्पष्ट करने की चुनौती दी।
जेपीएस राठौर ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में शांति व्यवस्था मजबूत हुई और विकास कार्यों को गति मिली। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के दौरान एक्सप्रेसवे, उद्योग और रोजगार से जुड़े कई काम हुए हैं। वहीं उन्होंने पिछली सरकारों के समय को लेकर “तमंचा फैक्ट्री” चलने जैसी टिप्पणी भी की।