UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में आईएएस अधिकारियों के तबादलों (Uttar Pradesh IAS Officers Transfers) को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बता दें शासन की ओर से जारी तबादला आदेश में महज 24 घंटे के भीतर बड़ा बदलाव कर दिया गया। नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) के पद पर तैनात रहीं IAS वंदना त्रिपाठी की नई तैनाती अब सहारनपुर की जगह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), गाजियाबाद में की गई है। अचानक बदले इस फैसले को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के लिए बता दें उत्तर प्रदेश शासन ने 13 नवंबर को 38 IAS अधिकारियों की तबादला लिस्ट जारी की थी। इस सूची में नोएडा प्राधिकरण की ACEO वंदना त्रिपाठी का नाम भी शामिल था। जारी आदेश के मुताबिक, उन्हें नोएडा से हटाकर सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया था। हालांकि, शासन ने अगले ही दिन अपने फैसले में बदलाव कर दिया। संशोधित आदेश के तहत वंदना त्रिपाठी को NCR विभाग, गाजियाबाद में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इस तरह महज 24 घंटे के भीतर उनकी तैनाती का स्थान बदल गया।
वंदना त्रिपाठी के तबादले में अचानक हुए बदलाव को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। जिसमें कुछ सूत्रों का कहना है कि उनके पति रेलवे विभाग में वरिष्ठ अधिकारी हैं और दिल्ली में तैनात हैं। ऐसे में सहारनपुर की जगह NCR में पोस्टिंग मिलने को पारिवारिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, शासन की ओर से तबादला आदेश में संशोधन की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
IAS वंदना त्रिपाठी करीब चार वर्षों तक नोएडा प्राधिकरण में अलग-अलग पदों पर तैनात रहीं। उन्होंने शुरुआत में विशेष कार्याधिकारी (OSD) के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उन्हें अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया। अब उनकी जगह बरेली मंडल की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का नया ACEO नियुक्त किया गया है।
नोएडा प्राधिकरण में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत OSD क्रांति शेखर का भी तबादला किया गया है। उन्हें दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र में OSD की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मेरठ विकास प्राधिकरण में सचिव रहे ब्रजेश कुमार सिंह को नोएडा प्राधिकरण में OSD नियुक्त किया गया है।
इन प्रशासनिक बदलावों के बाद नोएडा प्राधिकरण में अधिकारियों की जिम्मेदारियां नए सिरे से तय हो गई हैं। अब नई टीम के सामने विकास परियोजनाओं और प्राधिकरण के कामकाज को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।
ये भी पढ़ें: मथुरा में बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन, सीएम योगी समेत बड़े नेता होंगे शामिल