Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से गुजरात सरकार (Gujarat Government) के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित जन भवन में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुजरात सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री रमनभाई सोलंकी ने किया। वहीं, इस दौरान गुजरात के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, उद्योग एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग के प्रतिनिधि तथा वाइब्रेंट गुजरात से जुड़े अधिकारी और विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान जन भवन में किए गए विकास कार्यों, शैक्षिक सुधारों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई।
प्रतिनिधिमंडल को राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने जन भवन में हुए विभिन्न विकास कार्यों और नवाचारों से अवगत कराया। जिसमें उन्होंने बताया कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में जन भवन परिसर में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इनमें गंगोत्री से गंगासागर, कर्मयोगी भवन, प्रवेश द्वार, कला कक्ष और स्टांप कक्ष सहित विभिन्न निर्माण एवं व्यवस्थाएं शामिल हैं। डॉ. बोबडे ने बताया कि जन भवन में केवल प्रशासनिक सुविधाओं का विकास ही नहीं किया गया, बल्कि शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी प्रतिनिधिमंडल को दी गई। यहां पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जन भवन विद्यालय (Jan Bhavan School) के बैंड ने गणतंत्र दिवस परेड (Republic Day Parade) में हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया था और उच्च स्थान हासिल किया था। यह विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन का उदाहरण है।
बैठक में प्रदेशभर में आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से संतृप्त करने, टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने और उन्हें गोद लेने जैसी पहलों की जानकारी दी गई। इसके अलावा बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराने के प्रयासों के बारे में भी बताया गया।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए डॉ. बोबडे ने बताया कि प्रदेश के 18 विश्वविद्यालयों को नैक (NAAC) से ए++, ए+ और ए ग्रेड प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालयों की नियमित समीक्षा, निरीक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही QS एशिया और QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में प्रदेश के विश्वविद्यालयों की उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने जन भवन में हुए विकास कार्यों, शिक्षा में सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए इन पहलों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में निवेश करेगी स्वीडिश कंपनी, 500 युवाओं को मिलेगी नौकरी