1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर किया वार, 30 टैंकरों से पेड़ों की धुलाई

ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर किया वार, 30 टैंकरों से पेड़ों की धुलाई

ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण को कम करने के लिए प्राधिकरण ने 30 से ज्यादा टैंकरों से पेड़ों की धुलाई शुरू की। 216 एंटी स्मॉग गन और 14 स्वीपिंग मशीनें भी तैनात की गईं।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर किया वार, 30 टैंकरों से पेड़ों की धुलाई

Uttar Pradesh News: एनसीआर में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) ने शहर की हवा को साफ रखने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्राधिकरण के सीईओ बलकार सिंह के निर्देश पर उद्यान विभाग की ओर से ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पेड़ों की धुलाई कराई जा रही है। इस अभियान के लिए दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।

उद्यान विभाग के प्रभारी उपनिदेशक ज्ञानेंद्र यादव ने बताया कि पेड़ों की धुलाई के लिए 30 से अधिक टैंकर लगाए गए हैं। इन टैंकरों के माध्यम से एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। पेड़ों की पत्तियों पर जमा धूल साफ होने से वे अधिक हरे-भरे दिखाई देंगे। साथ ही धुलाई के दौरान पानी पेड़ों के नीचे जमीन पर गिरने से मिट्टी में नमी बनी रहेगी। इससे धूल उड़ने की समस्या भी कम होगी।

निर्माण स्थलों पर लगाए गए 216 एंटी स्मॉग गन

प्राधिकरण का परियोजना विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए काम कर रहे हैं। प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग निर्माण स्थलों पर 216 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं। इनके अलावा 8 एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल सार्वजनिक स्थानों पर किया जा रहा है। ऐसे में इन मशीनों के जरिए हवा में उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस काम में भी एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, सड़कों की नियमित सफाई के लिए 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं।

कूड़ा जलाने पर यहां करें शिकायत

प्राधिकरण ने शहरवासियों से प्रदूषण रोकने में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि किसी भी स्थान पर कूड़ा जलता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्राधिकरण को दें। इसके लिए प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046, 0120-2336047, 0120-2336048 और 0120-2336049 पर शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मित्रा ऐप के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि शहर में कूड़ा न जलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में सेलिब्रिटी भी कर रहे स्वगणना का प्रचार

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...