1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा के लोग घर बैठे कर सकेंगे जनगणना, जानें पूरी जानकारी

ग्रेटर नोएडा के लोग घर बैठे कर सकेंगे जनगणना, जानें पूरी जानकारी

Uttar Pradesh News: ग्रेटर नोएडा में 16 नवंबर से जनगणना-2027 का स्व-गणना अभियान शुरू होगा। नागरिक 30 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर घर बैठे परिवार और मकान का विवरण दर्ज कर सकेंगे। जानें पूरी जानकारी

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
ग्रेटर नोएडा के लोग घर बैठे कर सकेंगे जनगणना, जानें पूरी जानकारी

Uttar Pradesh News: जनगणना-2027 को लेकर ग्रेटर नोएडा में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार नागरिकों को जनगणना की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए एक खास सुविधा दी जा रही है। इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान की शुरुआत 16 नवंबर 2026 से होगी, जो 30 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना का कार्य किया जाएगा।

आरडब्ल्यूए और एओए के साथ हुई बैठक

जानकारी के लिए बता दें स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) एवं नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने की। इसमें ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, अभिषेक पाठक और लवगीत कौर के साथ विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए और आवासीय सोसायटियों की एओए के प्रतिनिधि शामिल हुए।

ऐसे में बैठक में अधिकारियों ने प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने सेक्टरों और सोसायटियों में रहने वाले लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें। साथ ही अधिक से अधिक परिवारों को ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के लिए प्रेरित करें।

इस पोर्टल पर भरना होगा परिवार का विवरण

स्व-गणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक वेबसाइट [https://se.census.gov.in](https://se.census.gov.in) पर जाना होगा। यहां सबसे पहले अपने राज्य का चयन करना होगा। इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन करना होगा।

सत्यापन पूरा होने के बाद परिवार के मकान, आवासीय स्थान और परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित जरूरी जानकारी ऑनलाइन फॉर्म में भरनी होगी। सभी विवरण सही तरीके से दर्ज करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा।

स्व-गणना आईडी रखना होगा सुरक्षित

अब ऑनलाइन फॉर्म जमा होने के बाद नागरिकों को एक विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। बाद में जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचेंगे, तब इसी आईडी के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। यदि आईडी का मिलान नहीं हो पाता है, तो परिवार की जानकारी दोबारा दर्ज करनी पड़ सकती है।

एसीईओ ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समय पर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करें।

प्राधिकरण का लक्ष्य आरडब्ल्यूए और एओए के सहयोग से इस अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि जनगणना-2027 की प्रक्रिया आसान और सफल बनाई जा सके।

ये भी पढ़ें:  लखनऊ में वकीलों का हुआ जबरदस्त प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा कूच

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...