प्रयागराज। जिले के बारा विधानसभा क्षेत्र के सेंधुवार गांव में लगातार बारिश के बाद जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। दो दिनों की मूसलाधार बारिश के चलते गांव की गलियां और संपर्क मार्ग पानी से भर गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के बाद कई घरों के आसपास पानी जमा हो गया है। गांव से बाहर आने-जाने वाले रास्तों पर भी पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क और जलभराव की स्थिति के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलमग्न रास्तों से होकर छोटे बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है। वहीं किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने की स्थिति में इलाज के लिए बाहर ले जाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. वाचस्पति को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि विधानसभा क्षेत्र का कार्यकाल लगभग पांच वर्ष पूरा होने को है, लेकिन विधायक अब तक सेंधुवार गांव में नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं होने का भी आरोप लगाया।
जलभराव की समस्या से परेशान बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे सड़क पर पहुंचे और अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब गांव के रास्ते बारिश के पानी से डूब जाते हैं और लोगों को रोजमर्रा के काम, इलाज तथा बच्चों की शिक्षा के लिए परेशानी होती है, तो इस समस्या का स्थायी समाधान अब तक क्यों नहीं किया गया। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।