आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और जमीनी स्थिति की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान डीएम ने लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए नेशनल हेल्थ मिशन के प्रोग्राम ऑफिसर (डीपीएम) का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने आशाओं के भुगतान से जुड़े तथ्यों को छुपाने पर नाराजगी जताई और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा।
संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर जोर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में बेहद कम (मात्र 3) डिलीवरी होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सभी एमओआईसी को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक सीएचसी में कम से कम 15 संस्थागत प्रसव प्रति माह सुनिश्चित किए जाएं। मेहनगर के एमओआईसी के खिलाफ शिकायत मिलने पर उनके स्थानांतरण के निर्देश भी दिए गए।
मां और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने और यू-विन पोर्टल पर डेटा फीडिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए। एमआर-1 और एमआर-2 टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने के साथ ही प्रचार-प्रसार तेज करने को कहा गया।
टीबी अभियान और पोषण सहायता
जिला क्षय रोग अधिकारी ने जानकारी दी कि 100 दिवसीय टीबी अभियान (24 मार्च से 1 जुलाई 2026) के तहत संदिग्ध मरीजों की पहचान कर जांच और उपचार किया जा रहा है। साथ ही टीबी मरीजों को पोषण पोटली भी वितरित की जा रही है।
आयुष्मान कार्ड और जन औषधि केंद्रों पर निर्देश
डीएम ने निर्देश दिया कि 1 मई से विशेष अभियान चलाकर आशा, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं।
साथ ही जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध दवाओं की सूची बाहर प्रदर्शित करने और डॉक्टरों को केवल उपलब्ध दवाएं ही लिखने के निर्देश दिए गए।
गर्मी से बचाव और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं
भीषण गर्मी को देखते हुए सभी सीएचसी/पीएचसी में कोल्ड रूम, बेड और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 102 और 108 एम्बुलेंस की रिस्पॉन्स टाइम सुधारने पर भी जोर दिया गया।
डेटा फीडिंग और योजनाओं की प्रगति पर फोकस
डीएम ने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं का 100% पंजीकरण कर HMIS पोर्टल पर डेटा फीड किया जाए। जिन योजनाओं की प्रगति राज्य औसत से कम है, उन पर विशेष ध्यान देते हुए तेजी से सुधार किया जाए।