Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें भाजपा और समाजवादी पार्टी के चुनावी अभियान के बीच अब कांग्रेस भी मैदान में उतरने की रणनीति बना रही है। ऐसे में पार्टी ने दिसंबर से उत्तर प्रदेश में राज्यव्यापी रैलियां आयोजित करने का फैसला किया है। इसके तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे चुनावी सभाओं के जरिए जनता के बीच पहुंचेंगे। कांग्रेस का लक्ष्य अपने पुराने वोट बैंक को दोबारा जोड़ना और प्रदेश में संगठन को मजबूत करना है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी 10 दिसंबर के आसपास सहारनपुर में बड़ी जनसभा कर सकते हैं। दअरसल, इस रैली में मल्लिकार्जुन खरगे के भी शामिल होने की संभावना है। साथ ही, कांग्रेस ने इस जनसभा के लिए ‘संविधान बचाओ’ (Samvidhan Bachao) का मुद्दा तय किया है। इससे पहले भी 26 नवंबर को संविधान दिवस पर मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च में शामिल होंगे। पार्टी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में है।
सहारनपुर से अभियान शुरू करने के पीछे कांग्रेस का बड़ा राजनीतिक और सामाजिक गणित है। ऐसे में पार्टी की नजर पश्चिमी यूपी के दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर है। बता दें हाल ही में सांसद इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, क्षेत्र में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की सक्रियता भी कांग्रेस के लिए चुनौती मानी जा रही है। ऐसे में पार्टी अपने पुराने दलित और ब्राह्मण वोट बैंक को फिर से मजबूत करना चाहती है। इसी रणनीति के तहत राजेंद्र पाल गौतम को प्रदेश प्रभारी और आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर भी बातचीत चल रही है। 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में दोनों दलों की समन्वय समितियों की बैठक प्रस्तावित है। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा और रामगोपाल यादव नेतृत्व करेंगे।
कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के अनुसार, 15 दिसंबर तक सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है। सूत्रों के मुताबिक, सपा 60 से 70 सीटों के प्रस्ताव से बातचीत शुरू कर सकती है, जबकि कांग्रेस करीब 100 सीटों की उम्मीद कर रही है। सीटों पर सहमति बनने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव संयुक्त रैलियां कर सकते हैं। प्रियंका गांधी भी चुनाव प्रचार में अहम भूमिका निभाएंगी।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी आज पहुंचेंगे लखनऊ, सुरक्षा में 4400 पुलिसकर्मी हुए तैनात