Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) से पहले मुस्लिम वोट बैंक और राजनीतिक नेतृत्व को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। इस बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के बयान पर पलटवार किया है। जिसमें ओवैसी ने कहा कि कुछ लोगों के लिए खाना प्राथमिकता हो सकता है, लेकिन उनके लिए ऐसा नहीं है। वह जिंदा रहने के लिए खाते हैं, न कि खाने के लिए जीते हैं।
जानकारी के लिए बता दें हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद आजम खान ने रामपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश में ओवैसी की बढ़ती सक्रियता पर तंज कसा था। जिसमें उन्होंने कहा था कि यहां के लोगों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं आती, बल्कि उन्हें पुलाव और मटन बिरयानी पसंद है।
वहीं, एक टीवी कार्यक्रम में आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि भारत में अलग-अलग तरह के खानपान और संस्कृति की विविधता है। उन्होंने बताया कि छात्र जीवन में उन्हें जो खाना मिलता था, वह खा लेते थे। उनके लिए खानपान कोई प्राथमिकता नहीं है। ओवैसी ने कहा कि कुछ लोगों के लिए खाना प्राथमिकता हो सकता है, लेकिन उनकी प्राथमिकता सामाजिक न्याय और राजनीतिक अधिकार हैं।
ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता की वजह बताते हुए 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह खुद राहत शिविरों में गए थे और दंगा प्रभावित परिवारों की परेशानी देखी थी। उन्होंने तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दंगा पीड़ितों को आज तक पूरा न्याय नहीं मिला। उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे लोगों की स्थिति और पीड़ित महिलाओं पर मुकदमे वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया।
AIMIM को वोट काटने वाली पार्टी बताए जाने पर ओवैसी ने कहा कि संविधान सभी राजनीतिक दलों को चुनाव लड़ने का अधिकार देता है। जिसमें उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले कई चुनावों में मुस्लिम मतदाताओं ने विपक्षी दलों का समर्थन किया, फिर भी भाजपा को रोकने में विपक्ष सफल क्यों नहीं हुआ।
गठबंधन के सवाल पर ओवैसी ने कहा कि उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों के साथ तालमेल बनाने की कोशिश की थी, लेकिन समाजवादी पार्टी समेत अन्य दल इसके लिए तैयार नहीं हुए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखने के बजाय उसे अपना स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व विकसित करना चाहिए।
ये भी पढ़ें: छठ के बाद रेलवे की बड़ी सौगात, यूपी से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, जानें डिटेल