1. हिन्दी समाचार
  2. Game
  3. गोरखपुर को मिलेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, 16 मई को शिलान्यास करेंगे सीएम योगी

गोरखपुर को मिलेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, 16 मई को शिलान्यास करेंगे सीएम योगी

गोरखपुर में 392.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास 16 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
गोरखपुर को मिलेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, 16 मई को शिलान्यास करेंगे सीएम योगी

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर को विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की सौगात देंगे। वह शनिवार (16 मई) को इस अंचल के पहले और प्रदेश के चौथे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन व शिलान्यास करेंगे। गोरखपुर – वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में यह इंटरनेशनल स्टेडियम 392.94 करोड़ रुपये की लागत से आकार लेगा। निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं और स्टेडियम बनाने के लिए एलाइनमेंट, मिट्टी भराई, लेवलिंग और बड़े निर्माण उपकरणों को लगाने का काम शुरू भी हो चुका है।

विकास की नजीर पेश कर रहे गोरखपुर को आने वाले समय में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के जरिये वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए भी जाना जाएगा। गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है। गोरखपुर से पहले यूपी में कानपुर, लखनऊ में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम हैं, वाराणसी में बन रहा है। मुख्यमंत्री ने जब गोरखपुर में राज्य का चौथा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाए जाने की मंशा जताई तो सबसे पहली आवश्यकता अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुरूप पर्याप्त भूमि की पड़ी। इसके लिए जिला प्रशासन ने गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में भूमि चिन्हित की। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने स्टेडियम का निर्माण 23 दिसंबर 2027 तक पूर्ण किया जाना लक्षित किया है।

गोरखपुर में बन रहा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 46 एकड़ क्षेत्रफल में आकार लेगा। कुल 30 हजार दर्शक क्षमता का यह स्टेडियम ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ के हिसाब से बनेगा। इसके ग्राउंड पर खिलाड़ियों के लिए 7 प्लेइंग पिच और 4 प्रैक्टिस पिच होगी। स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में प्रत्येक में 14,490 दर्शक बैठ सकेंगे। नार्थ पैवेलियन मीडिया और साउथ पैवेलियन विशिष्टजन के लिए होगा। रात्रिकालीन मैच भी हो सकें, इसके लिए मेन स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानक के चार हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था रहेगी। यहां क्रिकेट के अलावा अन्य बड़े आयोजन भी होंगे।

इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहतरीन जगह पर है। गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग फोरलेन से जुड़ा यह स्थान, गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किमी की दूरी पर है और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किमी है। ऐसे में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना काफी सुगम होगा।

जिलाधिकारी दीपक मीणा का कहना है कि ताल नदोर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बन जाने से गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर बहुआयामी विकास का एक नया मॉडल दिखेगा। यहां पहले से ही पशु चिकित्सा, महाविद्यालय और वृहद कान्हा गोशाला का भी निर्माण हो रहा है। बहुआयामी विकास से यहां व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी नई ऊंचाई मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...