उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रामपुर के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सीधे जिले में पहुंचकर विकास कार्यों की बड़ी सौगात जनता को देंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामपुर में मिलक और शाहाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 690 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। जनसभा में सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा।

दूसरी ओर, क्षेत्र में मौसम ने भी चुनौती खड़ी कर दी है। आधी रात के बाद से लगातार बारिश हो रही है, जिससे आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं पर असर पड़ सकता है। हालांकि प्रशासन ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है, लेकिन अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि बारिश कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा डालती है या नहीं।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा, यातायात और जनसभा स्थल पर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।