झांसी। झांसी-प्रयागराज स्नातक खंड विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर ने मंगलवार को वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव में जीत का संकल्प लिया।
नामांकन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। मुक्ताकाशी मंच पर जुटी भीड़ के बीच पार्टी प्रत्याशी ने अपना नामांकन दाखिल किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
नामांकन से पहले आयोजित ‘स्नातक योजना बैठक’ में चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने स्नातक मतदाताओं तक पहुंच बनाने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, नंद गोपाल नंदी, मनोज पाण्डेय और योगेंद्र उपाध्याय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश महामंत्री शंकर सिंह लोधी, क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, सांसद, पूर्व मंत्री, विधायक और संगठन के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
नामांकन कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अशोक कुमार राठौर की जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प जताया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के चलते कार्यक्रम को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया।