वाराणसी: उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी बुधवार को वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश को एक गौरवशाली और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है, जिसने पिछले 12 वर्षों में बिना किसी भेदभाव के सभी नागरिकों के लिए कार्य किया है।
मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “नागरिक देवो भवः” की भावना के साथ देश सेवा की है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक स्तर पर नई पहचान हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में रिकॉर्ड स्थापित करना उनके जनकल्याणकारी कार्यों और जनता के विश्वास का परिणाम है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जमीन पर काम करने वाली पार्टी है और संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करती है। यही कारण है कि आज देश के दो-तिहाई राज्यों में एनडीए की सरकारें हैं और भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है। भाजपा प्रत्याशियों के चयन में उनके कार्य, जनसंपर्क, संगठनात्मक सक्रियता और विभिन्न सर्वे रिपोर्टों को आधार बनाया जाएगा। फीडबैक और मूल्यांकन के बाद ही उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी इस राजनीतिक जोड़ी ने जनता को गुमराह करने का प्रयास किया था। इसके बावजूद भाजपा को सीमित नुकसान ही हुआ और देश के अधिकांश राज्यों में जनता ने भाजपा और एनडीए पर अपना भरोसा कायम रखा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्वसमाज की राजनीति करती है और जाति, धर्म या क्षेत्र के आधार पर भेदभाव नहीं करती। भाजपा सरकारों में सभी वर्गों को समान अवसर और प्रतिनिधित्व मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों की सरकारों में विभिन्न समाजों के लोगों को जिम्मेदारियां दी गई हैं, जो भाजपा की समावेशी सोच को दर्शाता है।
पंकज चौधरी ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार मिलकर मजबूती से लड़ेगी और पार्टी एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने में सफल होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।