Uttar Pradesh News: बिजली का बिल आने के बाद अचानक बढ़े खर्च से परेशान होने वाले उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। अब बिजली की खपत पर नजर रखने के लिए महीने के अंत तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। दरसअल, बिजली विभाग (Electricity Department) ने मोबाइल ऐप (Mobile App) के माध्यम से उपभोक्ताओं को रोजाना बिजली खर्च की जानकारी देखने की सुविधा दी है। इससे उपभोक्ता समय रहते अपनी खपत को काबू कर सकते हैं और बिजली बिल में बचत कर सकते हैं।
जानकारी के लिए बता दें अलीगढ़ में करीब साढ़े सात लाख बिजली उपभोक्ताओं को इस डिजिटल सुविधा का लाभ मिल सकता है। साथ ही, यूपीपीसीएल के आधिकारिक ऐप पर लॉग-इन (Login) करके उपभोक्ता अपना बिजली बिल, यूनिट खपत और भुगतान का विवरण देख सकते हैं।
मोबाइल ऐप की मदद से उपभोक्ता यह जान सकेंगे कि किस दिन और किस समय घर में सबसे ज्यादा बिजली खर्च हुई। खपत का ग्राफ देखकर अचानक बढ़ी यूनिट की वजह समझना भी आसान होगा। इससे ज्यादा बिजली इस्तेमाल करने वाले उपकरणों की पहचान की जा सकेगी। नियमित निगरानी से अनावश्यक बिजली खर्च को कम किया जा सकता है।
बिजली बिल भुगतान में भी डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। शहर में करीब 60% उपभोक्ता ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा करीब 30 प्रतिशत बताया गया है। अधीक्षण अभियंता अंशुमान यादव के अनुसार, ऐप से उपभोक्ता घर बैठे बिल, यूनिट खपत और भुगतान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अलीगढ़ में अब तक 1,93,224 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 34,607 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर से संबंधित ऐप डाउनलोड किया है। ईयूडीसी अलीगढ़ में 34,607, ईडीसी प्रथम में 9,476 और ईडीसी द्वितीय में 4,654 डाउनलोड दर्ज किए गए हैं। तीनों क्षेत्रों में कुल डाउनलोड की संख्या 48,737 बताई गई है।
सामान्य बिजली मीटर वाले उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर से यूपीपीसीएल कंज्यूमर ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं स्मार्ट प्रीपेड और पोस्टपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं के लिए यूपीपीसीएल कंज्यूमर स्मार्ट ऐप उपलब्ध है। सही ऐप डाउनलोड करके उपभोक्ता बिजली खर्च का रिकॉर्ड रख सकते हैं और समय रहते फिजूलखर्ची पर रोक लगा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: मां के लिए हमेशा अजय ही रहे सीएम योगी आदित्यनाथ, जानें क्यों ?