आजमगढ़ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली सहायता राशि में शासन ने महत्वपूर्ण संशोधन किया है। नए आदेश के अनुसार अब नवविवाहित जोड़ों को 60 हजार रुपये की जगह 64 हजार रुपये नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी चेतन सिंह ने बताया कि पहले इस योजना में सामग्री के रूप में 25 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी, जिसे घटाकर अब 21 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही चांदी की पायल और बिछिया की राशि को नकद सहायता में शामिल कर दिया गया है।
अधिकारी के अनुसार लाभार्थियों को अब 22 प्रकार की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। यह बदलाव इसलिए किया गया है ताकि सामग्री की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे तथा लाभार्थियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

समाज कल्याण विभाग ने बताया कि चांदी के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे योजना में स्थिरता बनी रहेगी और किसी प्रकार की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।
जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस वर्ष 1600 विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और कार्यक्रम को चार चरणों में आयोजित किया जाएगा।