वाराणसी की रोहनिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस/साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया गया था, जबकि दो अन्य पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों को मृतक के बैंक खातों में बड़ी रकम होने की जानकारी थी। उन्होंने मृतक का मोबाइल कब्जे में लेकर बैंक खातों से पैसे निकालने की योजना बनाई थी, ताकि ओटीपी के जरिए रकम ट्रांसफर की जा सके।
जांच के अनुसार आरोपियों ने पहचान सामने आने की आशंका के चलते मृतक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने लगातार अभियान चलाया और पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ₹1.78 लाख नकद, 18 एंड्रॉयड मोबाइल, 29 डेबिट कार्ड, 10 पेटीएम मशीन, लैपटॉप, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड सहित कई दस्तावेज बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध पिस्टल, तमंचा और कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
इस मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को वाराणसी पुलिस आयुक्त ने ₹1 लाख का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।