Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मतदाता सूची (Voter List) को अपडेट करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू कर दिया गया है। इस क्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की प्रगति की समीक्षा की है। बता दें भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित इस अभियान में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
बैठक के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। खासतौर पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए ज्यादा से ज्यादा फॉर्म-6 भरवाए जाएं। जिसमें उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को मतदाता बनने का अवसर मिलना चाहिए और कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।
डीएम शशांक चौधरी ने मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जो स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो गए हैं या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, उनके नाम नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के साथ-साथ अपात्र प्रविष्टियों को हटाना भी जरूरी है। इससे मतदाता सूची अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बन सकेगी।
आगामी 28 और 29 नवंबर (शनिवार और रविवार) को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दोनों दिनों में जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष सक्रियता के साथ अभियान चलाया जाएगा। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बूथों पर पहुंचने वाले पात्र नागरिकों से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं।
जिलाधिकारी ने अमेठी के युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 28 और 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार और जिम्मेदारी से जुड़ा है। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: संविधान दिवस पर योगी का बड़ा संदेश, कहा- आम नागरिक ही देश की ताकत