1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आजम खान के बयान पर AIMIM का पलटवार, इटावा में बांटी बिरयानी

आजम खान के बयान पर AIMIM का पलटवार, इटावा में बांटी बिरयानी

इटावा में AIMIM ने आजम खान के हैदराबादी बिरयानी (Hyderabadi Biryani) वाले बयान पर अनोखे अंदाज में जवाब दिया। जानिए ओवैसी की पार्टी ने क्या राजनीतिक संदेश दिया।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
आजम खान के बयान पर AIMIM का पलटवार, इटावा में बांटी बिरयानी

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और AIMIM के बीच मुस्लिम वोट बैंक को लेकर सियासी खींचतान भी दिखाई देने लगी है। इसी बीच सपा नेता आजम खान के हैदराबादी बिरयानी वाले बयान पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने अनोखे अंदाज में पलटवार किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के गृह जनपद इटावा में हैदराबादी बिरयानी की दावत आयोजित कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।

जानकारी के लिए बता दें रविवार को इटावा शहर की नई बस्ती में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। जिसमें AIMIM कार्यकर्ताओं ने लोगों को हैदराबादी बिरयानी बांटी। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों भरथना, जसवंतनगर और इकदिल से भी लोग पहुंचे।

इटावा में बिरयानी की दावत से AIMIM का सियासी संदेश

AIMIM के जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन (वारसी) के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन स्थल पर पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की तस्वीर वाले पोस्टर भी लगाए गए। इस दौरान शमशाद हुसैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश और इटावा का मुसलमान अब केवल राजनीतिक दलों के लिए दरी बिछाने का काम नहीं करेगा, बल्कि अपना स्वतंत्र नेतृत्व भी चाहता है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में ओवैसी और हैदराबादी बिरयानी का प्रभाव दिखाई देगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन को आजम खान के बयान का जवाब बताया।

आजम खान ने क्या कहा था?

दरअसल, जेल से अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद सपा नेता आजम खान ने रामपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ओवैसी की उत्तर प्रदेश में सक्रियता पर तंज कसा था। जिसमें उन्होंने कहा था कि इस क्षेत्र के लोगों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं है। यहां के लोग पुलाव और मुरादाबादी मटन बिरयानी पसंद करते हैं। उन्होंने ओवैसी को मौलाना कहे जाने पर भी टिप्पणी की थी।

ओवैसी ने भी दिया था जवाब

आजम खान की टिप्पणी पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था कि कुछ लोग खाने के लिए जीते हैं, जबकि उन्हें जीने के लिए खाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी राजनीति का मकसद लोगों को न्याय और सामाजिक अधिकार दिलाना है।

ऐसे में अब इटावा में बिरयानी की दावत के जरिए AIMIM ने अपनी राजनीतिक मौजूदगी दिखाने की कोशिश की है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह घटनाक्रम मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा और AIMIM की राजनीतिक रणनीति को लेकर नई चर्चा पैदा कर रहा है।

ये भी पढ़ें: यूपी में साथ आएंगे अखिलेश और राहुल, सीटों पर मंथन हुआ जारी

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...