1. हिन्दी समाचार
  2. राजनीति
  3. UP Politics: घोसी, फरीदपुर के बाद अब दुद्धी सीट पर भी उपचुनाव Confirm

UP Politics: घोसी, फरीदपुर के बाद अब दुद्धी सीट पर भी उपचुनाव Confirm

विजय सिंह गोंड के निधन से खाली हुई दुद्धी विधानसभा सीट...

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
UP Politics: घोसी, फरीदपुर के बाद अब दुद्धी सीट पर भी उपचुनाव Confirm

उत्तर प्रदेश की राजनीति में उपचुनावों की संख्या अब बढ़कर तीन हो गई है। मऊ की घोसी और बरेली की फरीदपुर विधानसभा सीट के बाद अब सोनभद्र जिले की दुद्धी विधानसभा सीट भी रिक्त हो गई है। दुद्धी से समाजवादी पार्टी के विधायक विजय सिंह गोंड का गुरुवार, 8 जनवरी 2026 को निधन हो गया, जिसके चलते यह सीट खाली हो गई है। इससे पहले प्रदेश में दो सीटों पर उपचुनाव की चर्चा थी, लेकिन अब तीसरी सीट भी इसमें जुड़ गई है।

घोसी सीट पर सपा ने घोषित किया उम्मीदवार

घोसी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने पहले ही उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यहां दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह के पुत्र सुजीत सिंह को सपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं फरीदपुर और दुद्धी सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर अभी राजनीतिक दलों की रणनीति बननी बाकी है।

दुद्धी विधानसभा सीट का राजनीतिक इतिहास

दुद्धी विधानसभा क्षेत्र वर्ष 1962 में अस्तित्व में आया था। यह सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है और सोनभद्र जिले में आती है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के रामदुलार गोंड ने समाजवादी पार्टी के विजय सिंह गोंड को 6,297 मतों से हराकर जीत दर्ज की थी।

2024 में भी हो चुका है उपचुनाव

रामदुलार गोंड के विधायक पद से अयोग्य घोषित होने के बाद दुद्धी सीट पर वर्ष 2024 में उपचुनाव कराए गए थे। इस उपचुनाव में विजय सिंह गोंड ने भारतीय जनता पार्टी के श्रवण कुमार को 3,208 मतों से हराकर जीत हासिल की थी और एक बार फिर विधानसभा पहुंचे थे।

2017 और 2022 के चुनावी नतीजे

2017 के विधानसभा चुनाव में यह सीट सपा–कांग्रेस गठबंधन के तहत कांग्रेस के खाते में गई थी। कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कुमार सिंह को 46,090 वोट मिले थे, लेकिन चुनाव में अपना दल (एस) के हरिराम को जीत मिली थी। उस चुनाव में विजय सिंह गोंड ने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और उन्हें 1,085 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। दुद्धी विधानसभा सीट रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है।

अखिलेश यादव ने जताया शोक

विजय सिंह गोंड के निधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि “दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि।”

यूपी की राजनीति में बढ़ी हलचल

घोसी, फरीदपुर और अब दुद्धी सीट के रिक्त होने से उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आने वाले समय में इन तीनों सीटों पर होने वाले उपचुनाव राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन सकते हैं, खासकर तब जब लोकसभा चुनावों के बाद प्रदेश की सियासी तस्वीर पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...