रंग भरनी एकादशी के पावन अवसर पर धर्मनगरी मथुरा और वृंदावन में आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने बृजभूमि में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का स्मरण करते हुए होली के दिव्य उत्सव में सहभागिता की। संपूर्ण बृजमंडल गुलाल, पुष्पों और भक्तिरस में डूबा नजर आया।
रंग भरनी एकादशी पर वृंदावन की परिक्रमा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्त “राधे-राधे” और “श्याम नाम” के जयघोष के साथ परिक्रमा करते हुए पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि गूंज रही है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। मथुरा और वृंदावन की गलियां गुलाल और फूलों की वर्षा से रंगमय हो चुकी हैं।
आज Shri Krishna Janmabhoomi पर पारंपरिक लठामार होली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन बृज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक माना जाता है। श्रद्धा और उल्लास के इस अनोखे संगम को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे हैं।
पूरे बृज क्षेत्र में रंग, गुलाल और पुष्पों की छटा बिखरी हुई है। भक्त भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की लीलाओं का स्मरण करते हुए होली के रंगों में सराबोर नजर आए। बृज की परंपरागत होली ने एक बार फिर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और वॉच टावरों के साथ सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।