धार्मिक नगरी वृंदावन में होटल और गेस्ट हाउस में कमरा दिलाने के नाम पर कथित अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया, जिससे ऐसे नेटवर्क में सक्रिय लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग तीर्थयात्रियों को रास्ते में रोककर अपनी पसंद के होटल या गेस्ट हाउस में ठहराने का दबाव बनाते थे। विरोध करने पर श्रद्धालुओं और होटल संचालकों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटनाएं भी सामने आ रही थीं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
शिकायतों के आधार पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर शांति व्यवस्था भंग करने तथा अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।

पुलिस ने वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं से होटल बुकिंग के लिए केवल अधिकृत और विश्वसनीय माध्यमों का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, दबाव, अभद्रता या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तीर्थस्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध वसूली, दबंगई और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।