वृंदावन के प्रसिद्ध बृज शैली मिनेचर आर्टिस्ट निताई बोस को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से पूरे ब्रज क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और स्थानीय कला को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
राष्ट्रपति भवन में 4 जून से 14 जून तक बृज शैली मिनेचर आर्ट पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इसके समापन अवसर पर 15 जून को आयोजित समारोह में देश के 11 राज्यों से आए चुनिंदा कलाकारों को सम्मानित किया गया।
इस सम्मान सूची में उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से मथुरा जनपद से निताई बोस एकमात्र चयनित कलाकार रहे। उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मान राशि भी प्रदान की जाएगी। उनकी इस उपलब्धि से ब्रज कला को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली है।

निताई बोस पिछले लगभग 35 वर्षों से मिनेचर आर्ट के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक कला शिक्षा गुरु रमेश चंद शर्मा से प्राप्त की, जबकि आगे की कला साधना गुरु नित्य गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में पूर्ण की।
इस सम्मान से न केवल वृंदावन बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को गौरव प्राप्त हुआ है। निताई बोस की उपलब्धि को भारतीय लघु चित्रकला के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।