Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का आज शुक्रवार को निधन हो गया। बता दें उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। वह 91 वर्ष की थीं और पिछले कई वर्षों से बीमार चल रही थीं। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इसके बाद वह लखनऊ से देहरादून जाएंगे और वहां से अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर मां के अंतिम दर्शन करेंगे। परिवार में इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने के लिए वर्ष 2024 में भी ऋषिकेश एम्स पहुंचे थे। दरसअल, उस समय सावित्री देवी की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल पहुंचकर मां का हालचाल जाना था। लंबे समय से उनकी मां स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को शांति देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। जिसमें उन्होंने कहा कि मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना असंभव है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के साथ हैं। वहीं, बसपा प्रमुख मायावती ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा किया। उन्होंने सावित्री देवी के निधन को बेहद दुखद बताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में बड़ा फेरबदल, तीनों ACEO को मिली नई जिम्मेदारी