Uttar Pradesh News: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने पर्यावरण संरक्षण और बिजली खर्च कम करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। बता दें अब यीडा क्षेत्र के सरकारी और अर्द्धसरकारी संस्थानों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इससे सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ेगा और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी। यीडा की 94वीं बोर्ड बैठक में RESCO (रेस्को) मॉडल के तहत सोलर प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस योजना के लागू होने से सरकारी संस्थानों को बिजली खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।
बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, यीडा क्षेत्र के सरकारी संस्थानों की छतों पर सोलर प्लांट (Solar Plant) लगाने का काम यूपीनेडा (UPNEDA) के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए यूपीनेडा द्वारा अनुमोदित संस्था या चयनित एजेंसी की मदद ली जाएगी। पूरी प्रक्रिया निर्धारित पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) के तहत पूरी होगी। RESCO मॉडल के तहत निजी एजेंसी सोलर प्लांट स्थापित करने और उसके संचालन की जिम्मेदारी संभालती है। इससे संबंधित संस्थानों को सौर ऊर्जा का लाभ मिलता है और बिजली खर्च में कमी लाने में मदद मिलती है।
उत्तर प्रदेश सरकार भी सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पहले से प्रयास कर रही है। शासन के अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग ने 25 जून 2026 को इस संबंध में पत्र जारी किया था। इसमें प्रदेश के सभी सरकारी और अर्द्धसरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए थे।
इस संबंध में 3 जुलाई 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक भी निर्धारित की गई थी। शासन ने सभी विभागों और जिला स्तर के अधिकारियों को सरकारी भवनों की पहचान करने, वहां सोलर प्लांट की मौजूदा स्थिति का आकलन करने और शेष भवनों में संयंत्र लगाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा था।
शासन की ओर से रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं। पहले विकल्प में संबंधित विभाग अपने बजट से सोलर संयंत्र स्थापित कर सकते हैं। दूसरे विकल्प में निजी एजेंसियों के माध्यम से RESCO मॉडल पर सोलर प्लांट लगवाए जा सकते हैं।
यीडा ने दूसरे विकल्प को अपनाते हुए RESCO मॉडल को मंजूरी दी है। इस फैसले से क्षेत्र के सरकारी संस्थानों में स्वच्छ ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ेगा। साथ ही बिजली बिल में बचत और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़ें: यमुना प्राधिकरण की आय चार गुना बढ़ी, 12 फैसले पर लगी मुहर