गोरखपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, विश्वास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि यह कार्यकाल विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा-370 की समाप्ति, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक कानून, नागरिकता संशोधन कानून और नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौतियों का समाधान मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। 12 वर्षों में देश ने बहुत तरक्की की है, बड़ी-बड़ी समस्याओं का समाधान हुआ है और जनकल्याण की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम सरकार ने किया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर मंत्री ने कहा कि अब तक देशभर में 4 करोड़ आवास गरीबों को सौंपे जा चुके हैं। वहीं मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में 3 करोड़ नए आवास निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 2 करोड़ ग्रामीण और 1 करोड़ शहरी क्षेत्रों के लिए निर्धारित हैं। हर गरीब को प्रधानमंत्री आवास मिले, यही सरकार का लक्ष्य है। राज्य सरकारों से मांग आते ही केंद्र सरकार आवास स्वीकृत करेगी।

ad
स्मार्ट सिटी मिशन और अमृत योजना की उपलब्धियों पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत अनेक आधुनिक परिसंपत्तियों का निर्माण हुआ है। वहीं अमृत योजना के माध्यम से घर-घर पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मिशन अमृत योजना के माध्यम से हर घर तक नल से जल पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
बढ़ते शहरीकरण, प्रदूषण और ट्रैफिक जाम की चुनौतियों पर मंत्री ने कहा कि सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य शहरी विकास कार्यक्रमों के जरिए लोगों के जीवन को बेहतर और सुविधाजनक बनाया जा रहा है।
शहरीकरण बढ़ रहा है तो चुनौतियां भी बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार पेयजल, स्वच्छता, आवास और बेहतर शहरी सुविधाओं के लिए लगातार काम कर रही है।
केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गोरखपुर के नगर निगम पार्क में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को पोस्टर और बैनरों के माध्यम से दर्शाया गया है। यहां प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने, कुपोषण मुक्त भारत अभियान, नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के जरिए लाभार्थियों के खातों में सीधे सहायता राशि पहुंचाने जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।