उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। लखनऊ और अयोध्या समेत प्रदेश के 9 शहरों में बुधवार को बारिश दर्ज की गई। लखनऊ और कन्नौज में रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। खराब मौसम को देखते हुए संभल में कक्षा 8 तक और सिद्धार्थनगर में कक्षा 12 तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 29 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बीते 24 घंटों में बलिया प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया।
मंगलवार को प्रदेश के 15 जिलों में बारिश हुई, जबकि देर शाम 8 जिलों में ओले गिरे। इनमें मुरादाबाद, आगरा, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, हाथरस, सहारनपुर और अमरोहा शामिल हैं। सबसे अधिक ओलावृष्टि नोएडा में करीब आधे घंटे तक हुई।
पिछले 24 घंटे में मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा समेत पश्चिमी यूपी में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान अयोध्या (26 डिग्री) में रहा। वहीं, गोरखपुर मंडल के जिलों में रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
29 जनवरी: हल्की बारिश की संभावना, बादल छाए रहेंगे, तापमान में गिरावट
30 जनवरी: कुछ जिलों में कोहरा, 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं
31 जनवरी: कहीं-कहीं तेज हवाएं, मौसम शुष्क रहने की संभावना
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।