वाराणसी। धर्मनगरी काशी के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी से देश की राजधानी दिल्ली के बीच पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है। 31 अक्टूबर से इस अत्याधुनिक ट्रेन का संचालन शुरू होने की जानकारी दी गई है। इसके शुरू होने से यात्रियों को कम समय में आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।
इस नई ट्रेन का शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी विशेष मौजूदगी रहेगी। यह ट्रेन काशी और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को नया आयाम देने के साथ यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प बनेगी।
स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए वाराणसी से दिल्ली की यात्रा लगभग 8 से 9 घंटे में पूरी होने की उम्मीद है। अब तक वंदे भारत में चेयर कार से सफर करने वाले यात्रियों को पहली बार स्लीपर कोच में लंबी दूरी की यात्रा का विकल्प मिलेगा।

16 अत्याधुनिक कोच वाली इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें आरामदायक बर्थ, प्रत्येक सीट के पास चार्जिंग पॉइंट और रीडिंग लैंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, फर्स्ट एसी कोच में हॉट-वॉटर शावर की सुविधा भी दी जाएगी।
मेक इन इंडिया के तहत तैयार इस ट्रेन में आधुनिक सुरक्षा तकनीकों को शामिल किया गया है। ट्रेन के दरवाजों में सेंसर लगाए गए हैं। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में यात्री सीधे ट्रेन के पायलट से संपर्क कर सकेंगे। सप्ताह में छह दिन चलने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलने की उम्मीद है। काशी से दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत की शुरुआत को भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।