1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर सीएम योगी ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ, कहा- देश में अब दो कानून नहीं चलेंगे

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर सीएम योगी ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ, कहा- देश में अब दो कानून नहीं चलेंगे

Uttar Pradesh News: लखनऊ में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। ऐसे में यहां जानिए कार्यक्रम में क्या बोले मुख्यमंत्री।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर सीएम योगी ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ, कहा- देश में अब दो कानून नहीं चलेंगे

Uttar Pradesh News: लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क (GPO Park) में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। बता दें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।

जानकारी के लिए बता दें कार्यक्रम में प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्री भूपेंद्र चौधरी, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नीरज सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देश में एक विधान और एक निशान की भावना जरूरी: सीएम योगी

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का काम किया था। जिसमें उनका सपना था कि देश में दो कानून नहीं चलेंगे, बल्कि एक देश में एक विधान और एक निशान होगा। वहीं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनके सपनों को साकार करने का काम कर रहे हैं।

सीएम योगी का कहना है कि राष्ट्रीय एकता को सबसे बड़ा खतरा तब पैदा होता है, जब समाज जाति और क्षेत्र के नाम पर बंटने लगता है। ऐसे में जातिवाद और क्षेत्रवाद जैसी बुराइयां समाज की शक्ति को कमजोर करती हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि जो लोग जिन्ना को अपना आदर्श मानते हैं, वे सरदार पटेल के विचारों को कैसे अपना सकते हैं। लौह पुरुष का सच्चा अनुयायी वही हो सकता है, जिसके मन में राष्ट्रवाद की भावना हो।

सरदार पटेल ने रियासतों को भारत में मिलाने में निभाई अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए जूनागढ़ और हैदराबाद रियासतों के भारत में विलय का उल्लेख किया। जिसमें उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। कश्मीर का जिक्र करते हुए उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले को भी ऐतिहासिक बताया। सीएम योगी ने कहा कि गुजरात के केवड़िया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कर सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।

स्वतंत्र देव सिंह ने भी किया सरदार पटेल को याद

इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का देश के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान रहा है। त्याग, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की भावना उनके व्यक्तित्व में दिखाई देती थी। साथ ही, उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प को दोहराया गया।

ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/kanpur-dehat-bottle-baba-darbar-hari-om-baba-conspiracy-allegations/

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...