1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी को मिलेगी पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात, दिल्ली का सफर होगा आसान

वाराणसी को मिलेगी पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात, दिल्ली का सफर होगा आसान

वाराणसी से दिल्ली के बीच पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस 31 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। 16 कोच वाली इस आधुनिक ट्रेन में यात्रियों को आरामदायक बर्थ और कई लग्जरी सुविधाएं मिलेंगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
वाराणसी को मिलेगी पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात, दिल्ली का सफर होगा आसान

वाराणसी। धर्मनगरी काशी के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी से देश की राजधानी दिल्ली के बीच पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है। 31 अक्टूबर से इस अत्याधुनिक ट्रेन का संचालन शुरू होने की जानकारी दी गई है। इसके शुरू होने से यात्रियों को कम समय में आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे उद्घाटन

इस नई ट्रेन का शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी विशेष मौजूदगी रहेगी। यह ट्रेन काशी और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को नया आयाम देने के साथ यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प बनेगी।

8 से 9 घंटे में पूरा होगा दिल्ली का सफर

स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए वाराणसी से दिल्ली की यात्रा लगभग 8 से 9 घंटे में पूरी होने की उम्मीद है। अब तक वंदे भारत में चेयर कार से सफर करने वाले यात्रियों को पहली बार स्लीपर कोच में लंबी दूरी की यात्रा का विकल्प मिलेगा।

 

 

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी ट्रेन

16 अत्याधुनिक कोच वाली इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें आरामदायक बर्थ, प्रत्येक सीट के पास चार्जिंग पॉइंट और रीडिंग लैंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, फर्स्ट एसी कोच में हॉट-वॉटर शावर की सुविधा भी दी जाएगी।

सुरक्षा और तकनीक का भी रखा गया ध्यान

मेक इन इंडिया के तहत तैयार इस ट्रेन में आधुनिक सुरक्षा तकनीकों को शामिल किया गया है। ट्रेन के दरवाजों में सेंसर लगाए गए हैं। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में यात्री सीधे ट्रेन के पायलट से संपर्क कर सकेंगे। सप्ताह में छह दिन चलने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलने की उम्मीद है। काशी से दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत की शुरुआत को भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...