Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Election 2027) को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) को पूर्वांचल में बड़ा झटका लगा है। बता दें बीजेपी के वरिष्ठ नेता उत्पल राय ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी (SP) का दामन थाम लिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। उत्पल राय के इस कदम से गाजीपुर और मऊ की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।
उत्पल राय की पहचान पूर्वांचल की राजनीति में एक सक्रिय नेता के रूप में रही है। वह बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा उन्हें बीजेपी के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का करीबी माना जाता है।
जानकारी के लिए बता दें उत्पल राय ने जुलाई 2016 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनका संबंध मऊ जिले से है और वह मधुबन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं। वह डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति निशीथ राय के छोटे भाई हैं।
उत्पल राय के सपा में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। जिसमें उन्होंने कहा कि उत्पल राय कमल छोड़कर समाजवादी पार्टी के साथ आ गए हैं। इस दौरान अखिलेश ने बीजेपी सरकार की विदाई को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “हमारे यहां विदाई पर राधे-राधे कहते हैं। इस बार जनता इस सरकार की विदाई करने वाली है। इसलिए यह राधे-राधे विदाई वाला है।” अखिलेश यादव के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी पर सियासी हमला माना जा रहा है।
उत्पल राय ने 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी भी संभाली थी। ऐसे में उनके सपा में शामिल होने को पूर्वांचल की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मऊ और गाजीपुर में उनकी राजनीतिक सक्रियता का फायदा समाजवादी पार्टी को मिल सकता है। वहीं, बीजेपी के लिए यह घटनाक्रम चुनौती बढ़ाने वाला साबित हो सकता है। अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्पल राय की नई राजनीतिक पारी सपा के लिए कितनी फायदेमंद साबित होती है।
ये भी पढ़ें: बेटी से मिलने के लिए मुस्कान की गुहार, जेल प्रशासन को लिखे 3 लेटर