1. हिन्दी समाचार
  2. Education
  3. आजमगढ़ में यूपीएसएसएससी स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

आजमगढ़ में यूपीएसएसएससी स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

आजमगढ़ में यूपीएसएसएससी स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा 15 केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। 6,888 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 5,732 ने परीक्षा दी, जबकि 1,156 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। डीएम और एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
आजमगढ़ में यूपीएसएसएससी स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा रविवार को जनपद आजमगढ़ में नकलविहीन, पारदर्शी और पूर्ण शुचिता के साथ संपन्न हुई। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई थी।

परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर और डीएवी कॉलेज समेत कई केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में अभ्यर्थियों के प्रवेश और बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और स्ट्रांग रूम की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को शासन एवं आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने तथा अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने को कहा गया।

15 केंद्रों पर 6,888 अभ्यर्थी पंजीकृत

जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार के अनुसार, आजमगढ़ में यूपीएसएससी की स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा 23 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 6,888 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।इनमें से 5,732 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,156 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह करीब 83.22 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

डीएम ने दिए सतर्कता के निर्देश

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।उन्होंने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता के साथ स्ट्रांग रूम एवं परीक्षा सामग्री की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार का व्यवधान न आने देने के लिए पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने को कहा गया। प्रशासन और पुलिस की लगातार निगरानी के बीच आजमगढ़ में यूपीएसएससी की स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...