UP Special Train: छठ महापर्व के बाद अपने कामकाज पर वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत दी है। दरसअल, यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे ने कई पूजा विशेष ट्रेनों (UP Special Train) के संचालन का फैसला किया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्टेशनों से होकर दिल्ली, पुणे, राजकोट और बिहार तक जाएंगी। साथ ही रेलवे ने इन ट्रेनों की तारीख, समय और रूट की जानकारी जारी कर दी है। इन विशेष ट्रेनों में स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को सफर करने में सुविधा मिलेगी।
ट्रेन नंबर 05019 गोरखपुर-दिल्ली विशेष ट्रेन 21 नवंबर को दोपहर 2:40 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। जिसमें यह खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा और बुढ़वल होते हुए रात 8:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ स्टेशन पर 10 मिनट रुकने के बाद कानपुर सेंट्रल, टूंडला और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 8:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
ट्रेन नंबर 05013 छपरा-आनंद विहार विशेष ट्रेन 21 नवंबर को शाम 5 बजे छपरा से रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 4:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 05014 आनंद विहार से 22 नवंबर को शाम 6:45 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
गोरखपुर से पुणे के हडपसर स्टेशन के लिए ट्रेन नंबर 05011 का संचालन 21 नवंबर को किया जाएगा। यह ट्रेन रात 9:55 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। बस्ती, मनकापुर और गोंडा होते हुए अगले दिन रात 2:35 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
रेलवे ने राजकोट-बरौनी-राजकोट के बीच ट्रेन नंबर 09569/09570 साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। राजकोट से यह ट्रेन 26 नवंबर को शाम 5 बजे रवाना होगी। वहीं, बरौनी से 21 और 28 नवंबर को रात 10 बजे चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव आगरा के ईदगाह स्टेशन पर भी होगा। इसमें एसी सेकेंड, एसी थर्ड, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर पावर और ट्रैफिक ब्लॉक के चलते कुछ नियमित ट्रेनें नियंत्रित की जाएंगी। इनमें गोरखपुर-साबरमती, बरौनी-ग्वालियर, गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम और लोकमान्य तिलक-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस शामिल हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES या हेल्पलाइन नंबर 139 से जरूर प्राप्त कर लें।
ये भी पढ़ें: मां को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हुए सीएम योगी