नोएडा प्राधिकरण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सेक्टर-35 स्थित मोरना बस स्टैंड पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह ने नागरिकों के साथ सफाई अभियान में भाग लिया।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों और नागरिकों को कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए सेक्टर-34 के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सेक्टर-54 के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

सेक्टर-54 वेटलैंड और सेक्टर-33 चिल्ड्रन्स पार्क में दीपोत्सव आयोजित किया गया। दीप प्रज्वलित कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुआ। विधायक पंकज सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित किए। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय के ऑडिटोरियम में भी इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की मौजूदगी में अधिकारियों ने दीप जलाकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों और प्रमुख अवस्थापना स्थलों पर भी सेवा संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान की पूर्व संध्या पर प्रमुख मार्गों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाए रखने में सहयोग की अपील की।