1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गौतमबुद्धनगर में छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ, DBT के जरिए खातों में पहुंची राशि

गौतमबुद्धनगर में छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ, DBT के जरिए खातों में पहुंची राशि

गौतमबुद्धनगर में छात्रवृत्ति योजना के तहत विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी गई। जहाँगीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में लखनऊ के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ। डीबीटी के जरिए पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि भेजी गई।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
गौतमबुद्धनगर में छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ, DBT के जरिए खातों में पहुंची राशि

गौतमबुद्धनगर।  उत्तर प्रदेश सरकार की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत शनिवार को प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4.60 लाख से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की।

जहाँगीरपुर में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण गौतमबुद्धनगर के पब्लिक इंटर कॉलेज, जहाँगीरपुर में किया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लाइव देखा। जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय पर आवेदन करने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को मिली छात्रवृत्ति

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया के मुताबिक, गौतमबुद्धनगर में अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा 9वीं और 10वीं के 75 विद्यार्थियों को कुल 1.68 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं के 52 विद्यार्थियों को 1,68,236 रुपये की राशि मिली। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के कक्षा 9वीं और 10वीं के 127 विद्यार्थियों को 1,77,800 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके अलावा सामान्य वर्ग के 41 विद्यार्थियों को 1.23 लाख रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 24 विद्यार्थियों को 72 हजार रुपये की राशि दी गई।

 

 

डीबीटी से सीधे खातों में पहुंच रही राशि

अधिकारियों ने बताया कि छात्रवृत्ति की रकम सीधे लाभार्थी विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी व्यवस्था के जरिए योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र विद्यार्थियों तक सहायता पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

अधिकारियों और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, पब्लिक इंटर कॉलेज जहाँगीरपुर के प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...