लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर शुरुआती तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। चुनाव आयोग ने प्रदेश के 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को लखनऊ में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक के लिए बुलाया है।बैठक डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंध अकादमी में आयोजित होगी। सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाली इस बैठक में EVM और VVPAT से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
EVM-VVPAT की होगी समीक्षा
बैठक में मुख्य रूप से EVM और VVPAT की स्थिति, जांच, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा होगी। संबंधित जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), उप जिला निर्वाचन अधिकारी (Dy DEO), FLC और सुपरवाइजर भी बैठक में शामिल होंगे।चुनाव आयोग के अधिकारियों की मौजूदगी में जिलों में EVM और VVPAT की तैयारियों की जानकारी ली जाएगी। साथ ही अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
इन 33 जिलों के DM बुलाए गए
बैठक में शामिल होने वाले जिलों में अयोध्या, अम्बेडकरनगर, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, कानपुर नगर, औरैया, इटावा, फर्रूखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, सम्भल, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, झांसी, जालौन और ललितपुर शामिल हैं।
2027 चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी
विधानसभा चुनाव में EVM और VVPAT की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में चुनाव आयोग की यह बैठक चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी मशीनरी की तैयारियों और व्यवस्थाओं को समय रहते मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।बैठक में जिलों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ कमियों को दूर करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।