1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले मथुरा-वृंदावन में तैयारियां तेज, प्रमुख मार्गों की रोशनी और सौंदर्यीकरण का नगर आयुक्त ने लिया जायजा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले मथुरा-वृंदावन में तैयारियां तेज, प्रमुख मार्गों की रोशनी और सौंदर्यीकरण का नगर आयुक्त ने लिया जायजा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को भव्य और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए मथुरा-वृंदावन में तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने देर रात प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर प्रकाश व्यवस्था, सजावटी लाइटिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने और जन्माष्टमी से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले मथुरा-वृंदावन में तैयारियां तेज, प्रमुख मार्गों की रोशनी और सौंदर्यीकरण का नगर आयुक्त ने लिया जायजा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को भव्य और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए मथुरा-वृंदावन में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने देर रात अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रकाश व्यवस्था व सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

प्रमुख मार्गों पर सजावटी रोशनी की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान टाउनशिप रोड, टैंक चौराहा, मछली फाटक फ्लाईओवर, एसबीआई चौराहा, न्यू बस स्टैंड, बीएसए रोड और भूतेश्वर तिराहा सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था देखी गई। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट, मसानी चौराहा, बिरला मंदिर से वृंदावन तक की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने भक्ति स्तंभों, तिरंगा लाइटिंग और अन्य सजावटी प्रकाश व्यवस्थाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। पानीगांव रोड, परिक्रमा मार्ग, प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर, रमणरेती और जादौन पार्किंग तक विभिन्न स्थानों पर किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी जायजा लिया गया।

खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर लाइटिंग में कमियां मिलने पर नगर आयुक्त ने उन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। मछली फाटक फ्लाईओवर की बंद तिरंगा और मोर आकृति वाली लाइटों को दुरुस्त कराने के साथ भूतेश्वर क्षेत्र की सजावटी लाइटिंग को शीघ्र पूरा करने को कहा गया। इसके अलावा 100 फुटा फ्लाईओवर पर तिरंगा लाइटिंग, रमणरेती क्षेत्र में पेड़ों पर RGB लाइटिंग और पेंटिंग पर वार्म व्हाइट लाइटिंग कराने के निर्देश दिए गए। पागल बाबा तिराहे से पवन हंस हेलीपैड तक अस्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

जन्माष्टमी से पहले सभी कार्य पूरे करने पर जोर

नगर आयुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन्माष्टमी को देखते हुए सभी प्रमुख मार्गों की लाइटिंग व्यवस्था की गहन जांच की जाए। जहां भी खराबी या कमी मिले, उसे समय रहते दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी महापर्व से पहले प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य पूरे हो जाने चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को मथुरा-वृंदावन में भव्य, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण का अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, अवर अभियंता (विद्युत) शैलेश सिंह सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...