नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के विभिन्न सेक्टरों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। प्राधिकरण की ओर से 25 कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) जारी किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रस्तावित कंपनियों को अलग-अलग औद्योगिक सेक्टरों में करीब 95 एकड़ भूमि आवंटित किए जाने की योजना है। इन परियोजनाओं से लगभग 3155 करोड़ रुपये के निवेश के आने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही विभिन्न इकाइयों के शुरू होने के बाद 9 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। इससे YEIDA क्षेत्र में औद्योगिक विस्तार को गति मिलने की संभावना है।
सेक्टर-8D में सबसे अधिक 11 कंपनियों के प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें 8 इकाइयां सामान्य औद्योगिक गतिविधियों से संबंधित हैं, जबकि 3 कंपनियों के लिए मेडिकल डिवाइस पार्क के तहत भूमि आवंटन का प्रस्ताव है।

सेक्टर-29 में 8 कंपनियों के प्रस्ताव हैं। इनमें 3 कंपनियां Apparel Park, एक Handicraft Park और 4 कंपनियां सामान्य उद्योग श्रेणी से संबंधित हैं।
इसके अलावा सेक्टर-28 में एक कंपनी, मेडिकल डिवाइस पार्क में 3 कंपनियां, मिक्स्ड लैंड यूज क्षेत्र में 2 कंपनियां और प्रस्तावित फार्मा पार्क में 2 कंपनियों को LoI जारी किए जाने की तैयारी है।
इन 25 कंपनियों को जमीन मिलने और परियोजनाओं के विकसित होने के बाद YEIDA क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होने की उम्मीद है। प्रस्तावित निवेश से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ क्षेत्र में कारोबारी और औद्योगिक इकोसिस्टम को भी मजबूती मिलने की संभावना है।