Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना कस्बे में बैंक खाताधारकों के पैसे वापस दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। डीएवी रोड स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के खिलाफ चल रहे इस धरने में भाकियू कार्यकर्ता बैंक प्रबंधन के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। साथ ही, संगठन का साफ कहना है कि जब तक खाताधारकों को उनका पैसा वापस नहीं मिलता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
मामले में बैंक प्रबंधक पर खाताधारकों के खातों से करोड़ों रुपये दूसरे खातों में धोखाधड़ी से ट्रांसफर किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले को लेकर खाताधारकों में नाराजगी है। वहीं, भाकियू ने प्रभावित लोगों को उनका पैसा वापस दिलाने के लिए बैंक के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर रखा है।
धरने के दौरान बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) अमित प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर भाकियू कार्यकर्ताओं से बातचीत की। जिसमें उन्होंने बताया कि मामले की जांच बृहस्पतिवार तक पूरी हो जाएगी। साथ ही, खाताधारकों की रकम वापस करने के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने के लिए भी उन्होंने बृहस्पतिवार तक का समय मांगा है।

भाकियू कार्यकर्ताओं का कहना है कि केवल आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा। बैंक प्रबंधन को खाताधारकों की रकम वापस करने के लिए भी ठोस कदम उठाने होंगे। ऐसे में जब तक प्रभावित लोगों को उनका पैसा वापस नहीं मिलता और उन्हें राहत नहीं मिलती, तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बुढ़ाना तहसील अध्यक्ष संजीव पंवार ने खाताधारकों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। वहीं, आरएम अमित प्रताप सिंह ने जांच पूरी होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट करने की बात कही।
बता दें फिलहाल बैंक प्रबंधन की ओर से मांगी गई समय सीमा के चलते अब सभी की निगाहें बृहस्पतिवार पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि जांच पूरी होने के बाद बैंक प्रबंधन क्या फैसला लेता है और खाताधारकों की रकम वापस करने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है। तब तक डीएवी रोड पर भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/akash-anand-saharanpur-bsp-jansabha-2027-election/