1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा: सीएम योगी के प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर आयुक्त ने किया रूट और हेलीपैड का निरीक्षण

मथुरा: सीएम योगी के प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर आयुक्त ने किया रूट और हेलीपैड का निरीक्षण

मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 3 सितंबर के प्रस्तावित दौरे को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने मथुरा-वृंदावन के प्रस्तावित रूट और पवन हंस हेलीपैड का निरीक्षण कर सफाई, प्रकाश, अतिक्रमण हटाने, वॉल पेंटिंग और सौंदर्यीकरण के कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
मथुरा: सीएम योगी के प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर आयुक्त ने किया रूट और हेलीपैड का निरीक्षण

मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 3 सितंबर 2026 को प्रस्तावित दौरे को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अपर नगर आयुक्त और निगम की टीम के साथ मथुरा-वृंदावन के प्रस्तावित मार्गों और पवन हंस हेलीपैड का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स, हरित क्षेत्र, वॉल पेंटिंग और सौंदर्यीकरण समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की स्थिति देखी गई। कमियां मिलने पर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण और अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश

नगर आयुक्त ने भूतेश्वर तिराहा से जन्मभूमि गेट, डीग गेट, दरेसी रोड, होली गेट, विकास मार्केट, पुराना बस स्टैंड, टैंक चौराहा, कचहरी और वेटरनरी कॉलेज समेत प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। कुछ स्थानों पर अतिक्रमण, मलबा, झाड़ियां और अनधिकृत होर्डिंग्स पाए गए। अधिकारियों को इन्हें तत्काल हटाने और पूरे मार्ग पर सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

हेलीपैड और प्रमुख मार्गों की व्यवस्थाओं पर फोकस

मसानी चौराहा से पवन हंस हेलीपैड तक के मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। हेलीपैड परिसर और आसपास के क्षेत्र में सफाई, वॉल पेंटिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। पानीघाट तिराहा, सौ फुटा तिराहा, फ्लाईओवर, प्रेम मंदिर तिराहा, परिक्रमा मार्ग और जादौन पार्किंग तक भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

ग्रीन बेल्ट और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान चैतन्य विहार फ्लाईओवर से प्रेम मंदिर तिराहा पुलिस पिकेट तक ग्रीन बेल्ट की स्थिति भी देखी गई। नगर आयुक्त ने हरित क्षेत्र की सफाई, रखरखाव और झाड़ियों की कटाई-छंटाई के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर वॉल पेंटिंग अधूरी है, वहां काम जल्द पूरा कराने के साथ जरूरत के अनुसार व्यू कटर लगाने को भी कहा गया।

जन्माष्टमी को देखते हुए विशेष सतर्कता

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भी है। ऐसे में मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं और आमजन की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए नगर निगम को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि पूरे प्रस्तावित रूट को अतिक्रमणमुक्त, स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक रखा जाए। जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव, विशेष सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्य समय से पहले पूरे किए जाएं।

अधिकारियों को मौके पर रहकर निगरानी के निर्देश

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा और अनुज कौशिक सहित नगर निगम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...