गौतमबुद्धनगर। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर गौतमबुद्धनगर में शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। ग्रेटर नोएडा में प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में सुरक्षा इंतजाम किए गए। डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शोभायात्रा के दौरान जिम्मेदारी संभाली।

शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर स्थिति पर नजर बनाए रखी। इसके साथ ही, यातायात बाधित न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंधन और डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई।
पुलिस प्रशासन ने शोभायात्रा के आयोजकों और समिति के पदाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। आपसी समन्वय के चलते शोभायात्रा निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न हुई।महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित इस शोभायात्रा के दौरान पुलिस की सतर्कता और यातायात प्रबंधन के चलते क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई।