कुशीनगर जिले में सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने अहिरौलीदान निवासी अशोक कुमार सिंह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर तरया सुजान थाने में आधिकारिक रूप से लिखित तहरीर दी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी अशोक कुमार सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से राहुल गांधी के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किए हैं। तहरीर में यह भी जिक्र किया गया है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल गांधी के डीएनए को लेकर अमर्यादित टिप्पणियां की हैं, जिसमें हिंदू, पारसी, मुस्लिम और ब्रिटिश जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की भड़काऊ और अमर्यादित सोशल मीडिया पोस्ट से पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं गंभीर रूप से आहत हुई हैं। इसके साथ ही, तहरीर में यह भी आशंका जताई गई है कि इस प्रकार की बयानबाजी से समाज का सौहार्द बिगड़ सकता है और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी वैमनस्य व तनाव फैल सकता है।
तरया सुजान थाना क्षेत्र के अहिरौलीदान गांव से जुड़े इस मामले में कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। कांग्रेसियों ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की सोशल मीडिया हरकतों पर लगाम लगाई जा सके।