मथुरा। पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और आर्थिक अधिकारों से जुड़ी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की मथुरा इकाई ने ज्ञापन सौंपा। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 2 अक्टूबर को ‘मांग दिवस’ के रूप में मनाते हुए बड़ी संख्या में पत्रकार सिविल लाइन क्षेत्र में एकत्र हुए और जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। पत्रकार एकता के नारों के साथ सभी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बाहर आकर पत्रकारों से ज्ञापन प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि ज्ञापन में रखी गई मांगों को राष्ट्रपति तक भेजा जाएगा और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए यथासंभव सहयोग किया जाएगा।
ज्ञापन में राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके साथ ही मीडिया आयोग के गठन, वेतन से जुड़ी विसंगतियों के समाधान के लिए नए वेतन बोर्ड के गठन और पत्रकारों के लिए समान पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग भी शामिल रही।
पत्रकारों ने मांग रखी कि पत्रकारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने से पहले उचित जांच की व्यवस्था हो और जांच के बिना तत्काल गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा दुर्घटना में जान गंवाने या घायल होने वाले पत्रकारों के परिवारों के लिए निश्चित आर्थिक सहायता की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
यूनियन ने पत्रकारों और उनके परिजनों को सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा देने तथा आयुष्मान योजना का लाभ उपलब्ध कराने की मांग रखी। पत्रकारों ने स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को उनके सामाजिक और आर्थिक हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।

ज्ञापन में पत्रकारों के लिए सड़क मार्ग पर टोल टैक्स में छूट और रेलवे यात्रा में पूर्व की तरह रियायत बहाल करने की मांग भी की गई। इसके अलावा मथुरा जिले में जल्द प्रेस क्लब स्थापित करने तथा पत्रकारों के लिए रियायती दरों पर आवासीय योजना लागू करने की मांग उठाई गई।
उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष एवं आईजेयू के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में यूनियन अपनी आवाज आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी। जिला महासचिव रमेश चंद्रा ने कहा कि पत्रकारिता और पत्रकारों के हित में आवश्यक कदम उठाने के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार किशन चतुर्वेदी, मोहन कुमार मीणा, मधुसूदन शर्मा, अमित शर्मा, लोकेश चौधरी, अजय शर्मा, शुभम चौधरी सहित जिले के अनेक पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों और सामाजिक-आर्थिक हितों से जुड़ी मांगों के प्रति एकजुटता जताई।