फतेहपुर: जिले के विकास खंड भिटौरा के ग्राम कासिमपुर आम्बापुर में बारिश के पानी से हो रहे जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र देकर गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने बताया कि उनके मकान आबादी गाटा संख्या 368क में स्थित हैं, जहां एक पुरानी गड़ही (तालाब) मौजूद है। गांव के घरों का गंदा पानी, बारिश का पानी और बरसात के दौरान जीडी रोड से आने वाला पानी भी इसी गड़ही में जमा होता है।

ग्रामीणों का कहना है कि गड़ही भर जाने के बाद पानी की निकासी के लिए कोई उचित नाला नहीं है, जिसके कारण पानी वापस आबादी क्षेत्र में पहुंच जाता है। इससे लोगों के घरों में जलभराव की स्थिति बन जाती है और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय तक दूषित पानी जमा रहने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि हल्का लेखपाल और कानूनगो की टीम से मौके का निरीक्षण कराकर जांच कराई जाए तथा खंड विकास अधिकारी भिटौरा को जल निकासी के लिए नाला निर्माण कराने के निर्देश दिए जाएं।ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही इस समस्या का समाधान कर बरसात के मौसम में जलभराव से राहत दिलाएगा।