1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. CM Yogi ने लॉन्च की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, मैनपुरी-इटावा को भी दी बड़ी सौगात

CM Yogi ने लॉन्च की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, मैनपुरी-इटावा को भी दी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना (Teacher Cashless Medical Scheme) का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मैनपुरी में ₹682 करोड़ की 111 विकास परियोजनाओं और इटावा में 604 करोड़ रुपये की 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, विकास और सुशासन को लेकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
CM Yogi ने लॉन्च की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, मैनपुरी-इटावा को भी दी बड़ी सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों और शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए और कहा कि यह योजना प्रदेश के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों सहित करीब 10 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस योजना की शुरुआत उच्च शिक्षा मंत्री के गृह जनपद आगरा से की जा रही है। योजना के प्रभावी संचालन के लिए पंजाब नेशनल बैंक और उच्च शिक्षा विभाग के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिससे लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार मिलेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैनपुरी पहुंचे, जहां उन्होंने 682 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने 19 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भारत की ऐतिहासिक और पौराणिक भूमि मैनपुरी आने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में विकास की नई पहचान बन रही है और मैनपुरी भी तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब मैनपुरी के नाम से लोग घबराते थे और यहां के युवाओं को दूसरे जिलों में सम्मान नहीं मिलता था। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने प्रदेश की पहचान को संकट में डाला और बेटियों के मन में भय का माहौल पैदा किया था।

इसके बाद सीएम योगी ने इटावा में 604 करोड़ रुपये की 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, इस दौरान सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष और पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत ‘जय श्रीराम’, ‘पवनसुत हनुमान की जय’, ‘वृंदावन बिहारी लाल की जय’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ की।मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी इटावा का नाम भय का पर्याय माना जाता था, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। अब इटावा के युवाओं को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में सम्मान मिल रहा है और पहचान का कोई संकट नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज कानून व्यवस्था, विकास और सुशासन के नए मॉडल के रूप में स्थापित हो रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...