1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण पर दिया जोर

मेरठ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण पर दिया जोर

मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत सर्वाइकल कैंसर जागरूकता और HPV टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 65 छात्राओं के टीकाकरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बालिकाओं के स्वास्थ्य, जागरूकता व समय पर टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
मेरठ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण पर दिया जोर

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में महिला स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा स्वामी कल्याण देव चिकित्सालय के सहयोग से किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

65 छात्राओं को लगाया गया HPV का टीका

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों की 65 बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) का टीका लगाया गया। इस अवसर पर छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों, चिकित्सकों और विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की। बताया गया कि उत्तर प्रदेश में अब तक 1.53 लाख से अधिक एचपीवी टीकाकरण सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।

 

मेरठ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण पर दिया जोर

स्वस्थ बेटी से बनेगा मजबूत समाज: राज्यपाल

अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्वस्थ बेटी ही स्वस्थ परिवार, मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच कराने और आवश्यक टीकाकरण अपनाने की अपील की।

HPV वैक्सीन को लेकर भ्रांतियां दूर करने की अपील

राज्यपाल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं की सुरक्षा के लिए है और इसे लेकर किसी भी तरह का डर या भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक शोधों के अनुसार यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक और सुरक्षित है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि 9 से 14 वर्ष की आयु में एचपीवी टीकाकरण अधिक प्रभावी माना जाता है, क्योंकि इस उम्र में शरीर बेहतर प्रतिरक्षा विकसित करता है।

बीमारी से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी

राज्यपाल ने कहा कि किसी भी बीमारी के इलाज से ज्यादा महत्वपूर्ण उसकी रोकथाम होती है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, सही जानकारी और समय पर टीकाकरण से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।उन्होंने छात्राओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और परिवार व समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाने की अपील की।

मां-बेटी संवाद अभियान पर दिया जोर

राज्यपाल ने अपने मां-बेटी संवाद अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवार में मां और बेटी के बीच खुला संवाद बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता और मासिक धर्म जैसे विषयों पर बेटियों से बातचीत कर उन्हें जागरूक और आत्मविश्वासी बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि महिला अध्ययन केंद्र के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श शिविर और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

 

विश्वविद्यालय की पहल की सराहना

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल पढ़ाई के केंद्र नहीं होते, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और चिकित्सकों की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखने की उम्मीद जताई।

मदर डेयरी आउटलेट का किया निरीक्षण

एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में संचालित मदर डेयरी आउटलेट का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध दूध, दुग्ध उत्पादों, फल, सब्जियों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि परिसर में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना छात्रहित में एक उपयोगी पहल है। उन्होंने स्वयं भी आउटलेट से सामग्री खरीदी और विद्यार्थियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

दीक्षांत समारोह से पहले परिसर का किया भ्रमण

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह से एक दिन पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने तपोवन, मियावाकी पार्क सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित विकास की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला सहित शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने अपने दौरे के दौरान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और जनजागरूकता को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...