नोएडा प्राधिकरण ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 2000 वर्गमीटर प्राधिकरण की भूमि को सुरक्षित किया है। वर्क सर्किल-7 के अंतर्गत शाहदरा सेक्टर-140A में प्राधिकरण की जमीन पर चारदीवारी खड़ी कर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। सूचना मिलते ही प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और निर्माण को रोक दिया।
प्रेस नोट के अनुसार, शाहदरा सेक्टर-140A स्थित प्लॉट संख्या-03 और 45 मीटर चौड़ी सड़क की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा चारदीवारी का निर्माण शुरू किया जा रहा था। इस निर्माण के जरिए प्राधिकरण की भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही वर्क सर्किल-7 की पूरी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

मौके पर पहुंची नोएडा प्राधिकरण की टीम ने निर्माणाधीन चारदीवारी को तोड़ते हुए अतिक्रमण रोकने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद प्राधिकरण की लगभग 2000 वर्गमीटर भूमि को सुरक्षित रखा गया। प्राधिकरण के अनुसार, कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशों के क्रम में की गई।

नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण न किया जाए। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियां अतिक्रमण की श्रेणी में आती हैं।
प्राधिकरण ने नागरिकों से नोएडा के सुनियोजित विकास में सहयोग करने का अनुरोध किया है। साथ ही लोगों से सरकारी एवं प्राधिकरण की भूमि पर अवैध निर्माण या कब्जे से बचने की अपील की गई है।