लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में विशेष सचिव, राज्यपाल श्री श्रीप्रकाश गुप्ता द्वारा अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय ब्रजनारायण गुप्ता की स्मृति में लिखित ‘अक्षय दीप’ स्मृति ग्रंथ का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखक और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्मृति ग्रंथ किसी व्यक्ति के जीवन, विचारों, संस्कारों और सामाजिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि ‘अक्षय दीप’ एक शिक्षक और पिता के रूप में स्वर्गीय ब्रजनारायण गुप्ता के जीवन मूल्यों और संस्कारों को संजोने वाला दस्तावेज है।
‘अक्षय दीप’ में स्वर्गीय ब्रजनारायण गुप्ता के शिक्षक जीवन और उनके व्यक्तित्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं को संस्मरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक में उनके अनुशासन, समय की पाबंदी, सादगी, कर्तव्य के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय व्यवहार का उल्लेख किया गया है। एक शिक्षक के तौर पर उन्होंने विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देने के बजाय उनके चरित्र और जीवन मूल्यों को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उनकी सहज शिक्षण शैली और विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण ने उन्हें अपने शिष्यों के बीच सम्मान दिलाया।

स्मृति ग्रंथ में श्री श्रीप्रकाश गुप्ता की बचपन से जुड़ी व्यक्तिगत यादों के साथ उनके परिजनों, मित्रों, सहकर्मियों और पूर्व विद्यार्थियों के संस्मरण भी शामिल किए गए हैं। इन संस्मरणों के जरिए स्वर्गीय ब्रजनारायण गुप्ता के व्यक्तित्व और उनके समय के शैक्षिक वातावरण की झलक मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान ‘अक्षय दीप’ के लेखक एवं विशेष सचिव, राज्यपाल श्री श्रीप्रकाश गुप्ता, उनकी पत्नी और पुत्री उपस्थित रहीं। राज्यपाल ने परिवार को इस स्मृति ग्रंथ के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए स्वर्गीय ब्रजनारायण गुप्ता के जीवन मूल्यों को याद किया।