1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सिलवासा के नमो मेडिकल हॉस्पिटल का किया निरीक्षण, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सिलवासा के नमो मेडिकल हॉस्पिटल का किया निरीक्षण, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा स्थित नमो मेडिकल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, न्यूमैटिक ट्यूब सिस्टम, ऑपरेशन थिएटर और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सिलवासा के नमो मेडिकल हॉस्पिटल का किया निरीक्षण, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना

सिलवासा: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दादरा एवं नगर हवेली के भ्रमण के दौरान सिलवासा स्थित नमो मेडिकल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक  प्रफुल पटेल भी मौजूद रहे।राज्यपाल ने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा उपकरणों और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली।

न्यूमैटिक ट्यूब सिस्टम की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अस्पताल में संचालित ‘न्यूमैटिक ट्यूब सिस्टम तकनीक’ की जानकारी ली।इस स्वचालित वायुचालित प्रणाली के जरिए रक्त के नमूने, दवाइयां, रिपोर्ट और अन्य जरूरी चिकित्सा सामग्री को विशेष कैप्सूल में रखकर पाइपों के नेटवर्क के माध्यम से हवा के दबाव से एक विभाग से दूसरे विभाग तक कुछ ही सेकंड में पहुंचाया जाता है।

मरीजों और मेडिकल छात्रों से किया संवाद

राज्यपाल ने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के पेशेंट कार्ड की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।इसके अलावा उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से संवाद किया और ऑपरेशन थिएटर के लाइव डिस्प्ले का अवलोकन किया।राज्यपाल ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने को लेकर भी चर्चा की।

आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना

अस्पताल में उपलब्ध उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि नमो मेडिकल हॉस्पिटल अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सुविधाओं और मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है।उन्होंने प्रशासक प्रफुल पटेल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं केंद्र शासित प्रदेश के लोगों के लिए बेहद उपयोगी और महत्वपूर्ण हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...